Home » Uncategorized » शेयर टू शाइन” अभियान बना स्वच्छता और सम्मान का संदेशवाहक, प्राथमिक विद्यालय चिंतौरा में बच्चों को बांटे गए डिटॉल साबुन

शेयर टू शाइन” अभियान बना स्वच्छता और सम्मान का संदेशवाहक, प्राथमिक विद्यालय चिंतौरा में बच्चों को बांटे गए डिटॉल साबुन

अम्बेडकरनगर – सार्थक टाइम्स न्यूज

समाज में स्वच्छता, सेवा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “आर्ट ऑफ गिविंग” के स्थापना दिवस के तहत संचालित “शेयर टू शाइन” अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय चिंतौरा में एक प्रभावशाली स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच डिटॉल साबुन का वितरण कर “सोप बैंक” की स्थापना की गई तथा विद्यालय के शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और समाज में साफ-सफाई के महत्व को स्थापित करना रहा। इस अवसर पर बच्चों को हाथ धोने के सही तरीके, व्यक्तिगत स्वच्छता और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए स्वच्छ रहने का संकल्प लिया।


इस आयोजन का नेतृत्व “आर्ट ऑफ गिविंग” संस्था के जिला समन्वयक एवं यूथ आइकॉन प्रवीण कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक संस्कार है, जिसे बचपन से ही जीवन में उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “शेयर टू शाइन” अभियान समाज में सहयोग, सेवा और सकारात्मक परिवर्तन की भावना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों को शिक्षा क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
उल्लेखनीय है कि “आर्ट ऑफ गिविंग” संस्था के संस्थापक अच्युत सामन्ता हैं, जो सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक प्रधानाध्यापक निमेष जायसवाल, सहायक अध्यापक सुमन भारती, अंबरीं मंसूर, सुमन मौर्या, ऐश्वर्या, सुमन जायसवाल, प्रतिमा मौर्या सहित शिक्षामित्र संगीता वर्मा एवं लीलावती जी उपस्थित रहीं।

ज्ञान सिंह सार्थक टाइम्स

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?