Home » इंडिया » रामनगरी अयोध्या से माता सीता की नगरी जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, भारत-नेपाल के बीच शुरू हुआ ऐतिहासिक रेल संपर्क

रामनगरी अयोध्या से माता सीता की नगरी जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, भारत-नेपाल के बीच शुरू हुआ ऐतिहासिक रेल संपर्क


604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी अंतरराष्ट्रीय ट्रेन, 28 नवंबर से नियमित संचालन की तैयारी… गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों को मिलेगा सीधा रेल संपर्क।

अयोध्या। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ने के लिए नई अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की गई है। यह ट्रेन दोनों देशों के बीच आस्था, पर्यटन और आपसी संबंधों का नया सेतु बनेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 23 नवंबर 2026 को इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई। नियमित रेल संचालन 28 नवंबर से शुरू होने निर्धारित है।
17 कोच वाली आधुनिक ट्रेन, 604 किलोमीटर का सफर
करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन लगभग 19 घंटे में अयोध्या से जनकपुर धाम तक पहुंचेगी। आधुनिक एलएचबी तकनीक से तैयार इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए गए हैं, जिनमें वातानुकूलित और स्लीपर श्रेणी के कोच शामिल हैं।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच इस ट्रेन का मार्ग कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ेगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
अयोध्या धाम – मनकापुर-बस्ती-गोरखपुर-नरकटियागंज-रक्सौल
-सीतामढ़ी-शीशो-मधुबनी-जयनगर- जनकपुर धाम (नेपाल)
इस रेल सेवा से उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को भी धार्मिक एवं अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
ट्रेन का नियमित समय
अयोध्या से जनकपुर धाम (ट्रेन संख्या 15596)
प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से प्रस्थान करेगी और मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी।
जनकपुर धाम से अयोध्या (ट्रेन संख्या 15595)
प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
(जनकपुर धाम का समय नेपाल के स्थानीय समय के अनुसार है।)
रामायण सर्किट को मिलेगी नई पहचान
यह रेल सेवा केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर और नेपाल के जनकपुर धाम में माता जानकी का प्रसिद्ध मंदिर दोनों देशों के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।
सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों की यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
अब सवाल यह है कि जब राम की नगरी अयोध्या से माता सीता के मायके जनकपुर तक रेल संपर्क स्थापित हो रहा है, तो क्या यह पहल भारत-नेपाल के रिश्तों को विकास और पर्यटन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी?
निश्चित रूप से यह पहल दोनों देशों की मित्रता और सांस्कृतिक एकता का एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित हो सकती है।

 ज्ञान सिंह ब्यूरो सार्थक टाइम्स न्यूज़ 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?