Home » इंडिया » राष्ट्रीय एकता दिवस पर पदयात्रा एवं वृक्षारोपण का आयोजन

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पदयात्रा एवं वृक्षारोपण का आयोजन

 

विद्यार्थियों ने पदयात्रा के माध्यम से दिया एकता, अखंडता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सार्थक टाइम्स न्यूज़

अम्बेडकर नगर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शिव नगर, खेंवार में राष्ट्रीय पदयात्रा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान सूर्यभान सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश्वरी सिंह एवं प्रबंधक राकेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सूर्यभान सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। सभी नागरिकों को जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश्वरी सिंह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विद्यालय के प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर से राष्ट्रीय पदयात्रा निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अध्यापक रेखा मिश्रा, विनय श्रीवास्तव, अंजू मिश्रा एवं सचिन कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। युवा स्वयंसेवक मीनू सिंह एवं अनुज गोस्वामी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं, पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संजय वर्मा एवं प्रवीण श्रीवास्तव ने भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

सार्थक टाइम्स ब्यूरो दिनेश कुमार चौधरी अंबेडकर नगर

 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?