Home » उत्तर प्रदेश » शराब पार्टी के बहाने बुलाया फिर कनपटी पर मारी गोली 24 घंटे में खुला सनसनीखेज हत्याकांड, दो शातिर हत्यारे गिरफ्तार

शराब पार्टी के बहाने बुलाया फिर कनपटी पर मारी गोली 24 घंटे में खुला सनसनीखेज हत्याकांड, दो शातिर हत्यारे गिरफ्तार

              सार्थक टाइम्स न्यूज — 

राजधानी लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। दक्षिणी जोन के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार आनंद के कुशल नेतृत्व में थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और निगरानी प्रकोष्ठ की संयुक्त कार्रवाई में हत्या करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और मृतक सचिन यादव के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 को अवध विहार योजना सेक्टर-8 स्थित खाली मैदान में युवक सचिन यादव का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मृतक के भाई जितेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर हत्या, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल चार विशेष टीमों का गठन किया और निगरानी प्रकोष्ठ को भी जांच में लगाया गया।


जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि मृतक सचिन यादव को घटना से पहले कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू और संतोष कुमार यादव के साथ शराब और मुर्गा पार्टी करते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और सटीक निगरानी के बाद दोनों अभियुक्तों को अवध विहार योजना सेक्टर-8 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। अभियुक्त कमल सिंह यादव ने बताया कि भट्ठा चौराहे के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के निकट उसके रिश्तेदार संतोष कुमार यादव की गुमटी थी, जहां वह गुटखा, सिगरेट और पानी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोप है कि सचिन यादव अक्सर सामान लेने के बाद पैसे नहीं देता था और पैसा मांगने पर धमकी देता था। इतना ही नहीं, वह ग्राहकों को भी दुकान पर आने से रोकता था, जिससे संतोष यादव की गुमटी तक बंद करनी पड़ गई थी।
इसी रंजिश और आर्थिक नुकसान से परेशान होकर दोनों अभियुक्तों ने सचिन यादव की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 3 मई 2026 को दोनों ने सचिन को शराब और मुर्गा पार्टी के बहाने बुलाया। तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। साजिश के तहत सचिन को अधिक शराब पिलाई गई, जिससे वह नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों उसे अवध विहार योजना सेक्टर-8 के सुनसान मैदान में ले गए। वहां दोबारा शराब पीने के बहाने बैठने के दौरान कमल सिंह यादव ने पेशाब करने का बहाना बनाया, जबकि संतोष कुमार यादव ने सचिन को पकड़ लिया। उसी दौरान कमल ने अवैध तमंचे से सचिन की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही सचिन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद दोनों अभियुक्त मृतक के दो मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। बाद में तमंचे को बसेरा-2 के सामने खाली मैदान में सूखी पत्तियों के नीचे छिपा दिया और मोबाइल फोन नाले में फेंक दिए। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू निवासी देवामऊ थाना सुशांत गोल्फ सिटी और संतोष कुमार यादव निवासी धावाहार थाना सुशांत गोल्फ सिटी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ हत्या और शस्त्र अधिनियम की गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। दक्षिणी जोन पुलिस और थाना सुशांत गोल्फ सिटी की तत्परता, सटीक निगरानी और लगातार दबिश के चलते महज़ 24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया, जिससे अपराधियों में भय का माहौल है।

ज्ञान सिंह सार्थक टाइम्स 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?