सब स्टेशन कलेसर में 18 घंटे की जगह मात्र 6 से 8 घंटे मिल रही विद्युत आपूर्ति
सार्थक टाइम्स
केदारनगर (अंबेडकर नगर)। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई दे रही है। अंबेडकर नगर जनपद के विद्युत वितरण खंड टांडा अंतर्गत आने वाले कलेसर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में उपभोक्ताओं को मुश्किल से 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लगातार हो रही कटौती से क्षेत्र की जनता भीषण गर्मी में बेहाल हो चुकी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय अनियमित विद्युत कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली गायब होते ही घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे अधिक परेशान हैं। लोगों का कहना है कि रात में कई-कई घंटे बिजली न रहने से नींद पूरी नहीं हो पा रही है, वहीं दिन में पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
कलेसर उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि घोषित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं मिल रही है। कभी लो वोल्टेज तो कभी अचानक ट्रिपिंग की समस्या आम हो चुकी है। किसानों का कहना है कि बिजली की अनियमितता से सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है, जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। विभागीय अधिकारियों द्वारा तकनीकी खराबी और अत्यधिक लोड का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है। जबकि तापमान लगातार बढ़ने के कारण बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि कलेसर सब स्टेशन की विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार कराया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि कलेसर सब स्टेशन पर छः फिडर होने के बावजूद भी विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था हमेशा चरमराई रहती है और कटौती के बारे में जानकारी लेने के लिए यदि बात करे तो हमेशा विद्युत वितरण खंड टांडा से आपूर्ति फेल होने की सूचना दी जाती है। फिलहाल भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।
दिनेश कुमार चौधरी
अंबेडकरनगर











Users Today : 2