पुण्यतिथि पर सेवा का संकल्प—सिलाई मशीन वितरण से गरीब व विधवा महिलाओं को मिलेगा रोजगार का सहारा
सार्थक टाइम्स अम्बेडकरनगर।

महिला सशक्तिकरण को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए प्रभावती कैलाश चैरिटेबल ट्रस्ट, बसखारी द्वारा इस वर्ष भी 51 जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की जाएंगी। यह आयोजन स्वर्गीय श्रद्धा यादव की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार, 28 जून को आयोजित किया जाएगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. शरद यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के इस अभियान के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आजीविका चला सकेंगी, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बना पाएंगी।
कार्यक्रम का आयोजन बसखारी स्थित डॉ. शरद यादव के निजी आवास पर किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया 14 अप्रैल से प्रारंभ होगी, जिसके लिए के.एन. इंडस्ट्रीज, बसखारी-टांडा रोड (नहर के समीप) पर विशेष पंजीकरण केंद्र बनाया गया है।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पात्र महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि इस योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। साथ ही उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में विधवा एवं अत्यंत गरीब महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी होकर सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।
इस सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे इस पहल का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
दिनेश कुमार चौधरी पत्रकार
अंबेडकर नगर









Users Today : 4