लखनऊ – सार्थक टाइम्स
राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देशानुसार मटियारी चौराहे एवं फैजाबाद रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिससे नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान अवैध रूप से सवारी ढो रही तीन डग्गामार बसों को सीज कर पक्की पार्किंग भेज दिया गया। इसके अलावा कई अन्य वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने मटियारी चौराहे से लेकर फैजाबाद रोड तक सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित किया।
यह अभियान सहायक टी.आई. यातायात हृदय आनंद यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें तुषारांशु तिवारी, श्याम सुंदर सहित बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने विशेष रूप से अवैध सवारी ढुलाई करने वाले वाहनों, बिना परमिट संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी।

चेकिंग के दौरान जिन प्रमुख उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई उनमें वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगाना, विंडशील्ड वाइपर खराब होना, खतरनाक गति एवं लापरवाही से वाहन चलाना, पुलिस अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करना, बिना अनुमति वाहन में मॉडिफिकेशन कराना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग करना, ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों का उल्लंघन करना, मानक के अनुरूप नंबर प्लेट न लगाना, परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर वाहन चलाना, वाहन में अनधिकृत छेड़छाड़, निर्धारित आयाम एवं लोडिंग नियमों का उल्लंघन तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करना शामिल रहा।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डग्गामार वाहन न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं बल्कि यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं। ऐसे वाहनों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार अभियान चलाए जाएंगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत हुई है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात टी.आई., सहायक टी.आई. एवं यातायात पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। अधिकारियों ने आमजन से भी यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
“सुरक्षित यातायात, जिम्मेदार नागरिकता की पहचान है। नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।”
ज्ञान सिंह ब्यूर सार्थक टाइम्स










Users Today : 4