Home » उत्तर प्रदेश » प्रदेश अध्यक्ष ने मनोज वर्मा को अकबरपुर विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया, कई दलों के नेताओं ने थामा बसपा का दामन

प्रदेश अध्यक्ष ने मनोज वर्मा को अकबरपुर विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया, कई दलों के नेताओं ने थामा बसपा का दामन

सार्थक टाइम्स न्यूज — अंबेडकरनगर में बसपा का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसैल

अंबेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं सर्वसमाज के लोगों की उपस्थिति ने बसपा की संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने पार्टी सुप्रीमो आदरणीया बहन कुमारी मायावती के निर्देश पर लंबे समय से संगठन में सक्रिय एवं पुराने कार्यकर्ता मनोज वर्मा को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी घोषित होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और पूरे परिसर में जय भीम तथा बसपा के समर्थन में नारे गूंज उठे।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए केवल एक राजनीतिक छलावा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार युवाओं, किसानों और आम जनता को निराश करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सर्वसमाज को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आज भी बहन मायावती के शासनकाल में स्थापित कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और जनहितकारी नीतियों को याद कर रही है।


उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सर्वसमाज के सहयोग से प्रदेश में एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और उनके समर्थकों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेता विनय पाठक हजारों समर्थकों के साथ बसपा में शामिल हुए, वहीं सपा नेता रवि प्रताप सिंह उर्फ मोनू ने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली। इसके अलावा जनार्दन शुक्ला, हिमांशु शुक्ला, श्रीराम अधीन वर्मा सहित अनेक नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ बसपा का दामन थामा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा ने की, जबकि संचालन एवं आयोजन की व्यवस्था मुख्य प्रभारी अयोध्या मंडल दिलीप कुमार विमल की देखरेख में संपन्न हुई।
सम्मेलन में पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह उर्फ बबलू, अरविंद गौतम, प्रदीप भारती, अजय गौतम, रवि प्रकाश मौर्य, दयाराम राजभर, राम नयन निर्दोष, जिला अध्यक्ष सुनील सावंत गौतम, केडी गौतम, उदयराज वर्मा, राधेश्याम राजभर, राहुल पाल, अकरम इदरीशी, रघुवेंद्र तिवारी, जयप्रकाश सैनी, आफताब आलम, अजमल कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा का माहौल बना रहा और बसपा नेताओं ने इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

ज्ञान सिंह ब्यूरो हेड सार्थक टाइम 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?