कैसरबाग पुलिस का बड़ा खुलासा: 100 CCTV खंगालकर 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार, लाखों के जेवरात-नकदी बरामद

लखनऊ | ज्ञान सिंह | सार्थक टाइम
राजधानी लखनऊ में थाना कैसरबाग पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर के दायरे में लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
एसीपी कैसरबाग नवरत्न गौतम व इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को बड़ी कामयाबी मिली है।
पुलिस ने नकबजनी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को मकबूलगंज निवासी निरुपमा श्रीवास्तव ने थाना कैसरबाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का कुंडा तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
कैसरबाग पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के बाद 3 मई की सुबह रोजगार भवन के सामने से तीनों अभियुक्तों—करन वर्मा, सुशील सोनी और मोहम्मद आजम उर्फ रानू—को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बंद मकानों की रेकी कर सुनसान घरों को निशाना बनाते थे। जांच में सामने आया कि मोहम्मद आजम उर्फ रानू ने मकबूलगंज स्थित बंद मकान की पहले रेकी की थी, जिसके बाद तीनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने चोरी और रेकी में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल संख्या UP32KL2194 भी बरामद कर ली है।
बरामदगी में शामिल: जिस में
• 38 सोने के आभूषण (392.65 ग्राम)
• 19 चांदी के आभूषण (217.78 ग्राम)
• ₹8,870 नकद
• घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों पर राजधानी लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। खासकर सुशील सोनी और मोहम्मद आजम उर्फ रानू लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में सक्रिय अपराधी बताए जा रहे हैं। इस पूरे गुडवर्क को प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी मकबूलगंज उ0नि0 अरविन्द कुमार, हल्का प्रभारी सब्जीमंडी उ0नि0 प्रशान्त कुमार, हल्का प्रभारी सुन्दरबाग उ0नि0 सावंत कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी उ0नि0 रणजीत, हेड कांस्टेबल वीर सिंह तथा कांस्टेबल अनीश वर्मा की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ज्ञान सिंह | सार्थक टाइम्स










Users Today : 4