
सार्थक टाइम्स
राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी क्रम में गोसाईगंज यातायात क्षेत्र के अंतर्गत वृंदावन योजना में एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देशानुसार सहायक टी.आई कामेश्वर कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित हुआ,
अभियान के दौरान विशेष रूप से ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां, प्रेशर हॉर्न (हूटर) का इस्तेमाल करने वाले वाहन और नियमों के विपरीत मॉडिफाइड वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। कई वाहनों का मौके पर चालान किया गया, जबकि अवैध ब्लैक फिल्म को तुरंत हटवाया गया। कुछ मामलों में वाहन चालकों को चेतावनी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ब्लैक फिल्म और प्रेशर हॉर्न न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि यह सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ऐसे में इनके खिलाफ कार्रवाई बेहद आवश्यक है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जागरूकता पर भी जोर
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने केवल कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान में ट्रैफिक पुलिस कर्मी राहुल गुर्जर, हरि गोपाल सिंह सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ अभियान को सफल बनाया।
संदेश साफ है—“नियम सबके लिए बराबर हैं, और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है।”
ज्ञान सिंह एडिटर सार्थक टाइम्स








Users Today : 4