
लखनऊ: सार्थक टाइम्स
राजधानी लखनऊ के इटौंजा से शहर की ओर आने वाले मार्ग पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेहड़ा चक्की के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और कार (संख्या UP32RT2107) के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
चालक कार में फंसा, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही टीआई अलीगंज देश दीपक दीक्षित अपने हमराही कांस्टेबल शाहबान खान और टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचकर देखा गया कि कार चालक वाहन के अंदर फंसा हुआ है।

पुलिस टीम ने बिना देर किए खंती में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहगीरों की मदद से पहले कार को सीधा किया गया, फिर कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद हाइड्रा क्रेन की सहायता से कार को खंती से बाहर निकाला गया।
ड्यूटी के दौरान घायल हुए कांस्टेबल, फिर भी नहीं रुके
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कांस्टेबल शाहबान खान को चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण दिखाते हुए राहत कार्य जारी रखा। इस अभियान में सुजीत और होमगार्ड सुरेंद्र मिश्रा का भी सराहनीय योगदान रहा। ट्रक चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। यातायात हुआ बाधित, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देशन में सभी टीआई, सहायक टीआई और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी दुर्घटना या यातायात बाधा को समय रहते रोका जा सके। ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित, मानवीय और साहसिक कार्रवाई की लोगों और वाहन स्वामी ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि अगर समय पर पुलिस नहीं पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था ,
टीआई देश दीपक दीक्षित और उनकी टीम की सूझबूझ, बहादुरी और तत्परता के चलते एक बार फिर संभावित बड़ा हादसा टल गया। यह घटना ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी और मानवता का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आई है।
ज्ञान सिंह क्राइम वीक न्यूज़








Users Today : 6