Home » क्राइम » सरकारी दफ्तर में चोरी, 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

सरकारी दफ्तर में चोरी, 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

News Portal Development Companies In India

खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से लाखों का सामान साफ, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सार्थक टाइम्स
(अम्बेडकर नगर)।

टांडा ब्लॉक स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (ग्रामीण क्षेत्र) कार्यालय में हुई चोरी की घटना को दस दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। अज्ञात चोर कार्यालय से तीन बैटरी, एक इन्वर्टर, एक डीवीआर और एक लैपटॉप समेत लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने स्थानीय थाने को सूचना दी थी। मौके पर पुलिस ने निरीक्षण भी किया, लेकिन जांच की रफ्तार धीमी होने के कारण न तो चोरी गए सामान की बरामदगी हो सकी है और न ही किसी संदिग्ध की पहचान सामने आई है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कार्यालय में सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा इंतजाम मौजूद होने के बावजूद चोर बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे न सिर्फ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था भी कटघरे में खड़ी हो गई है।

घटना के बाद से कार्यालय कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि सरकारी कार्यालय ही सुरक्षित नहीं हैं, तो महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और संसाधन कैसे सुरक्षित रहेंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है, आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, दस दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस सफलता न मिलना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।

अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इस चोरी की गुत्थी सुलझा पाती है और शिक्षा विभाग को हुए नुकसान की भरपाई हो पाती है या नहीं।

दिनेश कुमार चौधरी

      पत्रकार

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?