Home » इंडिया » चक्रवात अर्नब का असर: बारिश और तेज हवाओं से बदला मौसम

चक्रवात अर्नब का असर: बारिश और तेज हवाओं से बदला मौसम

आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से सतर्क रहने की अपील—-

सार्थक टाईम्स
अंबेडकरनगर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज बदलने के साथ- साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
अचानक बदले मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश और तूफानी हवाओं के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
टांडा तहसील के केदारनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों के लिए इस समय धान की फसल बेहद महत्वपूर्ण है। क्षेत्रों में अगेती धान की फसल की कटाई हो चुकी है जबकि कुछ स्थानों पर किसान कटाई की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे समय में तेज हवाओं और लगातार बारिश से धान की फसल खेतों में गिरने का खतरा बढ़ गया है। खेतों में पानी भरने से फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने तथा कटाई में देरी होने की आशंका भी जताई जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों का कहना है कि मौसम की मार से उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। पहले से ही खेती में खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर काफी खर्च हो चुका है। अब यदि बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
वहीं किसानों को अपनी कटी फसल और कृषि उपज सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग के अनुसार 31 अक्टूबर से मौसम में सुधार की संभावना है।

सार्थक टाइम्स ब्यूरो दिनेश कुमार चौधरी
 अंबेडकरनगर

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?