Home » इंडिया » नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: सुरजीत वर्मा

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: सुरजीत वर्मा

नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने की दिलाई गई शपथ

 

सार्थक टाइम्स | अम्बेडकर नगर।
मेरा युवा भारत, अम्बेडकर नगर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में शनिवार को भगवती प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, बेलागर में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत–100 सप्ताह अभियान’ के अंतर्गत नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा उपस्थित रहे। आयोजकों की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवा वर्ग नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में योगदान दे, तभी विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के साथ ही अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वक्ता के रूप में केशमणि मिश्रा, निर्जला साहू, डॉ. अरुण कुमार वर्मा और विनय वर्मा ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। ऐसे में युवाओं को स्वयं जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
मेरा युवा भारत के पूर्व युवा स्वयंसेवक संजय वर्मा ने भी युवाओं को सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं, युवा स्वयंसेवक सुमित मौर्य, विशाल और प्रवीण श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।
सार्थक टाइम्स ब्यूरो
दिनेश कुमार चौधरी अम्बेडकर नगर

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?