उत्तर प्रदेश शासन ने दी पदोन्नति की सौगात, राम बचन राम बने संयुक्त कृषि निदेशक
लखनऊ, 29 अप्रैल 2025:
उत्तर प्रदेश शासन के कृषि अनुभाग-1 द्वारा जारी एक महत्वपूर्ण आदेश के तहत राम बचन राम, जो वर्तमान में उप कृषि निदेशक (ज्येष्ठता क्रमांक-134) के पद पर कार्यरत हैं, को पदोन्नत कर संयुक्त कृषि निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। यह पदोन्नति 01 मई 2025 अथवा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि, जो भी बाद में हो, से प्रभावी मानी जाएगी। राम बचन राम की इस उपलब्धि पर समस्त कृषि विभाग एवं प्रशासनिक परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं। उनके अनुभव, समर्पण एवं कृषि क्षेत्र में दिए गए योगदान को यह पदोन्नति सम्मानित करती है।
राम बचन राम का योगदान भी सराहनीय:
उप कृषि निदेशक पद पर रहते हुए राम बचन राम ने कृषकों के हित में कई सराहनीय कार्य किए। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने, जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनके नेतृत्व में कई जिलों में किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे हजारों किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी मिली। साथ ही, उन्होंने जल संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और नकली अथवा मानकहीन बीजों की बिक्री पर रोक लगाने क्षेत्र में प्रमुख बीज प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी कर एक सख्त संदेश दिया। उप कृषि निदेशक राम बचन राम के कुशल निर्देशन में कई सराहनीय कार्य की गई, जिसमें बीजों की गुणवत्ता, प्रमाणीकरण एवं वैधानिक कागजातों की सघन जांच की गई। राम बचन राम के निर्देश पर यह सुनिश्चित किया गया कि किसानों तक केवल प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीज ही पहुँचें। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नकली बीज विक्रेताओं में खलबली मच गई और किसानों के बीच विभाग की साख और विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
जल्द ही राम बचन राम के तैनाती आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे। कृषि विभाग को पूर्ण विश्वास है कि वे अपने नए पद पर भी अत्यंत निष्ठा, प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ कार्य करते रहेंगे।
ज्ञान सिंह ब्यूरो रीपोर्ट